लघुकथा
लघुकथा मानसिक बदलाव ______________ आज नूपुर ने अमेरिका में मंंजरी से उसके घर में शादी कर ली।पूरे तीन दिन तक खूब शोर शराबा रहा हर रीत पूरी हुई मगर विदाई की जो रीत शादी के बाद होती है वह आज से एक साल पहले ही हो गई थी जब नूपुर ने अमेरिका में रह रही अपनी भारतीय लेस्बियन दोस्त मंजरी से शादी करने का फैसला लिया था । मंजरी और नूपुर दोनो एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे और दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी, जब मंजरी अपनी किसी मीटिंग के लिए दिल्ली आई थी। मंजरी के परिवार में पिता और अमेरिकन मां थी। जब वह पांच साल की थी तब उसकी अपनी मां गुजर चुकी थी और कुछ समय बाद उसके पिता उसे लेकर अमेरिका आ गए थे और अमेरिका आने के दो चार महीने बाद ही उन्होंने कैथरीन से शादी कर ली थी। विवाह सम्पन्न होने के बाद सब लंच में बिजी हो गए थे और नूपुर बीती यादों में खो रही थी। नुपुर को आज भी वह दिन याद है जिस दिन उसे एक तूफान का सामना करना पड़ा था। जिस घर में उसे लाड़ ,प्यार और सम्मान मिलता था,वहाँ उसकी एक सच्चाई ने पूरे घर के लोगों में उसके लिए तिरस्कार की भावना भर दी। ...